अमरोहा:मटर प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव, छह महिलाओं कर्मियों की हालत बिगड़ी, अन्य में मची भगदड़ – Amroha: Ammonia Gas Leak At Pea Plant; Six Women Workers Fall Ill, Others Panic


चांदपुर मार्ग पर ग्राम चुचैला कलां स्थित मटर फ्रोजन प्लांट में रविवार की दोपहर बाद अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस का रिसाव होते ही प्लांट के भीतर काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। तमाम कर्मचारी दौड़कर बाहर आ गए। हालांकि छह महिलाओं की हालत बिगड़ गई। प्रबंधन ने महिला कर्मचारियों का चुचैला कलां के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। चांदपुर मार्ग पर अपराइट इनोवेटिव सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नाम से मटर फ्रोजन प्लांट है। इस प्लांट में मटर के दाने को फ्रीज किया जाता है। रविवार की दोपहर बाद प्लांट से अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। गैस रिसाव होते ही भीतर काम कर रहे कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होनी शुरू हो गई।

गैस रिसाव होने की जानकारी मिलते ही प्लांट में काम कर रहे कर्मचारी दौड़ कर बाहर आ गए। लेकिन महिला कर्मचारियों को दिक्कत हुई। गैस के प्रभाव में आकर वे बेसुध हो गई। प्रबंधन से जुड़े लोग महिलाओं को लेकर गांव के एक निजी अस्पताल लेकर आए। वहां उनका उपचार कराया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद महिला कर्मचारियों की हालत में सुधार होने पर प्रबंधन के लोग उनको किसी अज्ञात स्थान पर ले गए। प्लांट में गैस रिसाव की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि प्लांट में गैस के रिसाव की सूचना मिली थी। उसमें दो महिला कर्मचारियों की हालत बिगड़ी थी। प्राथमिक उपचार के बाद तबीयत सही होने पर उनको घर भेज दिया गया है।



Source link