घट गई पवार पावर:सुनेत्रा डिप्टी सीएम, पर ‘दादा’ जितनी ताकत नहीं; इस मंत्रालय को फडणवीस ने रख लिया अपने पास – Sunetra Pawar Replaced Ajit Pawar As Deputy Chief Minister But Finance Ministry Slipped Know Full Portfolio


महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया है और वह राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बन गई हैं। हालांकि मंत्रालयों के बंटवारे के बाद यह साफ हो गया है कि उन्हें उतनी ताकत नहीं मिली, जितनी पहले अजित पवार के पास थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त और योजना जैसे अहम विभाग अपने पास रख लिए हैं।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मुंबई में आयोजित समारोह में सुनेत्रा पवार को पद की शपथ दिलाई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। शपथ के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि सुनेत्रा को कौन-कौन से विभाग मिलेंगे। सरकार की ओर से मंत्रालयों का बंटवारा पूरा कर राज्यपाल को इसकी जानकारी भेज दी गई है।

ये भी पढ़ें- विलय की चर्चा के बीच सुनेत्रा के डिप्टी सीएम बनने की बात क्यों आई? विश्लेषकों से जानें

वित्त मंत्रालय सीएम के पास

मंत्रालयों के आवंटन के मुताबिक वित्त विभाग, जो पहले स्वर्गीय अजित पवार के पास था, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस संभालेंगे। इसके साथ ही योजना विभाग भी उनके पास रहेगा। इसका मतलब है कि 2026 का राज्य बजट फडणवीस ही पेश करेंगे। गौरतलब है कि वह 2023 में भी वित्त विभाग संभाल चुके हैं। वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग का मुख्यमंत्री के पास रहना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

सुनेत्रा पवार को मिले तीन विभाग

सरकारी पत्र के अनुसार, सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पाद शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण और अल्पसंख्यक विकास व वक्फ विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि ये विभाग प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण तो हैं, लेकिन वित्त मंत्रालय जितने प्रभावशाली नहीं माने जाते। इससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार ने आर्थिक फैसलों की कमान मुख्यमंत्री के हाथों में ही रखी है।

ये भी पढ़ें- अमित शाह ने ममता सरकार को देश में सबसे भ्रष्ट बताया, सिलीगुड़ी में फूंका सियासी बिगुल

पीएम मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम के रूप में वह जनता के कल्याण के लिए निरंतर काम करेंगी और स्वर्गीय अजित दादा पवार के विजन को आगे बढ़ाएंगी। उनके इस संदेश को राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस पर सुनेत्रा ने कहा कि आपने जो आशीर्वाद दिया है, वह मेरे लिए प्रेरणादायक है। जैसे ही मैं महाराष्ट्र की सेवा के लिए नई जिम्मेदारी शुरू कर रही हूं, आपके शब्दों ने लोक कल्याण के काम के लिए मेरा आत्मविश्वास बढ़ा दिया है। राज्य के लोगों की भलाई के लिए ईमानदारी और समर्पण की भावना से काम करने का मेरा संकल्प इससे और मजबूत हो गया है। आपके भरोसे के लिए दिल से धन्यवाद।

शपथ समारोह में गूंजे नारे

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में नजर आईं। जैसे ही उन्होंने शपथ लेकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए, समारोह स्थल अजित दादा अमर रहें के नारों से गूंज उठा। यह नारेबाजी बताती है कि अजित पवार की राजनीतिक विरासत अब भी समर्थकों के बीच मजबूत है। वहीं, नए मंत्रालय बंटवारे ने यह संकेत दिया है कि महाराष्ट्र की सत्ता में संतुलन बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

अन्य वीडियो-




Source link