ट्रंप पर जानलेवा हमले की कोशिश मामला:आरोपी रयान राउथ दोषी करार, अमेरिकी कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा – Us Court In Florida Has Sentenced Ryan Routh To Life Imprisonment For Attempting To Attack Donald Trump


अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश के मामले में दोषी पाए गए एक व्यक्ति को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह फैसला बुधवार को फ्लोरिडा की एक अदालत में सुनाया गया। इस मामले ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि घटना एक गोल्फ कोर्स में हुई थी और आरोपी का व्यवहार पूरे केस के दौरान बेहद असामान्य रहा। आरोपी का नाम रयान राउथ है। उस पर आरोप था कि उसने साल 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच स्थित ट्रंप के गोल्फ क्लब में उनकी हत्या की योजना बनाई।

जब डोनाल्ड ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे, उसी दौरान रयान राउथ झाड़ियों में छिपकर राइफल लेकर निशाना साधे हुए था। हालांकि, सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने समय रहते उसे देख लिया। एजेंट ने तुरंत फायरिंग की, जिसके बाद राउथ ने अपनी बंदूक गिरा दी और मौके से भाग गया। उसने ट्रंप पर कोई गोली नहीं चलाई, लेकिन जांच एजेंसियों ने इसे हत्या की कोशिश माना।

कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?

अमेरिकी जिला जज एलीन कैनन ने रयान राउथ को उम्रभर जेल में रहने की सजा सुनाई। इसके अलावा, हथियार से जुड़े एक मामले में उसे अलग से सात साल की अतिरिक्त सजा भी दी गई है, जो उम्रकैद के बाद चलेगी। सरकारी वकीलों ने अदालत से कहा था कि राउथ को पैरोल के बिना उम्रकैद दी जानी चाहिए, क्योंकि उसने कभी अपने अपराध पर माफी नहीं मांगी, अपनी गलती स्वीकार नहीं की और अब भी कानून के लिए कोई सम्मान नहीं दिखाया।

ये भी पढ़ें:- US: ‘चीन के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं’, शी जिनपिंग से फोन पर बातचीत के बाद बोले ट्रंप

बचाव पक्ष ने क्या कहा?

दूसरी ओर रयान राउथ के वकील ने अदालत से नरमी बरतने की मांग की। उन्होंने कहा कि राउथ की उम्र लगभग 60 साल हो चुकी है। अगर उसे 27 साल की सजा दी जाए, तो वह जीवन में एक बार फिर आज़ादी देख सकता है। राउथ के वकील ने तर्क दिया कि राउथ को उम्रकैद देना बहुत ज्यादा सख्त सजा होगी, लेकिन अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

राउथ किन अपराधों में दोषी पाया गया?

बता दें कि अदालत ने राउथ को कई गंभीर आरोपों में दोषी ठहराया। इसमें राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या की कोशिश, अपराध के दौरान बंदूक का इस्तेमाल, संघीय अधिकारी पर हमला, पहले से अपराधी होने के बावजूद हथियार रखना और घिसे हुए (मिटाए गए) सीरियल नंबर वाली बंदूक का इस्तेमाल करना जैसे मामले में शामिल है।

ये भी पढ़ें:- Nigeria: पश्चिमी नाइजीरिया के दो गांवों पर हथियारबंद चरमपंथियों का हमला, 162 लोगों की हत्या; सांसद का दावा

आरोपी का अजीब व्यवहार

इस केस के दौरान रयान राउथ का व्यवहार कई बार चौंकाने वाला रहा सजा सुनाए जाने से पहले उसने खुद को चाकू मारने की कोशिश की। उसने कहा कि वह अपनी जान किसी कैदी अदला-बदली (प्रिजनर स्वैप) में देने को तैयार है। उसने ट्रंप से यह तक कहा कि वे अपना गुस्सा उसके चेहरे पर निकाल सकते हैं। जज ने उसके इस व्यवहार को अदालत की प्रक्रिया का मजाक बताया।

अन्य वीडियो



Source link