मुंबई के नवी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां नवी मुंबई की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सिर्फ दस साल की बच्ची को देह व्यापार के जाल से छुड़ाया। इस मामले में पुलिस ने बच्ची की मां और एक 70 वर्षीय एनआरआई व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एएचटीयू के वरिष्ठ निरीक्षक पृथ्वीराज घोरपड़े को 30 अक्तूबर को एक गुप्त सूचना मिली थी कि खारघर के कोपारगांव इलाके में रहने वाली एक महिला अपनी नाबालिग बेटी को तलोझा फेज दो इलाके में एक व्यक्ति के पास भेजती है, जो उससे देह व्यापार करवाता है। ऐसे में सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तुरंत छापा मारा और बच्ची को सुरक्षित रूप से वहां से बचा लिया।
ये भी पढ़ें:- CMS-03: सबसे भारी संचार उपग्रह प्रक्षेपण का काउंटडाउन शुरू, इसरो बाहुबली एलवीएम3-एम5 रॉकेट से करेगा लॉन्च
लंदन में रहने वाला आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से फारूक अल्लाउद्दीन शेख (उम्र 70 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो मूल रूप से लंदन का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि शेख को पता था कि बच्ची नाबालिग है, फिर भी उसने उसे शराब पिलाई और कई बार यौन शोषण किया।
इस मामले में पीड़िता की 30 वर्षीय मां को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि शेख ने मां को 2.5 लाख रुपये और हर महीने एक निश्चित रकम दी, जिसके बदले में वह अपनी ही बेटी को उसके पास भेजती थी।
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। दूसरी ओर मामले में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में लोगों को सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी चाहिए, ताकि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ये भी पढ़ें:- AP Temple Stampede: संकरी जगह, कमजोर ग्रिल और खराब भीड़ प्रबंधन… हादसे के कई कारण; पीड़ितों ने बताई आपबीती