11:44 AM, 15-Jan-2026
सुबह 10 बजे तक 36 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज सुबह 10 बजे तक संगम तट पर 36 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। यह अनुमान है कि मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त दिन भर चलने के कारण शाम तक यह संख्या एक करोड़ पार कर सकती है। मेला प्रशासन ने इस बार दो से ढाई करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान जताया है, जिसके लिए 24 स्नान घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए एक हाईटेक रिस्पांस प्लान लागू किया गया है, जिसमें आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम की स्थापना भी शामिल है। नदी की धारा में आए बदलावों को देखते हुए घाटों में आंशिक संशोधन भी किए गए हैं।
11:06 AM, 15-Jan-2026
सुबह आठ बजे तक 21 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
मकर संक्रांति के मौके पर संगम तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। विभिन्न स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं और कल्पवासियों ने गंगा और संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। मेला प्रशासन के अनुसार, सुबह आठ बजे तक करीब 21 लाख लोगों ने स्नान किया है। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त दिन भर चलने के कारण शाम तक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक करोड़ के पार जा सकती है।
10:58 AM, 15-Jan-2026
प्रयागराज में घना कोहरा छाया
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में घना कोहरा छाया दिखा। इस दौरान चल रहे माघ मेले के दौरान और मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालु संगम घाट पर स्नान करने पहुंच रहे हैं।
10:58 AM, 15-Jan-2026
संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी
#WATCH प्रयागराज (यूपी): मकर संक्रांति 2026 के मौके पर संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और सुरक्षा कड़ी कर दी गई। pic.twitter.com/bh46R56YEH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 14, 2026
10:56 AM, 15-Jan-2026
प्रयागराज माघ मेले में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई
एसपी माघ मेला नीरज पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति का स्नान कल भी काफी लोगों ने किया था। करीब 85 लाख लोगों ने स्नान किया था। आज भी सुबह से काफी भीड़ चल रही है। इसको देखते हुए काफी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। कोहरा भी काफी बढ़ गया है जिसको देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है ताकि कोई रास्ता न भटके। सतत निगरानी की जा रही है..”
10:54 AM, 15-Jan-2026
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्नान घाटों से लेकर पूरे मेला परिसर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 12 कंपनी पीएसी, सात कंपनी बाढ़ राहत पीएसी, एनडीआरएफ की दो टीमें, एसडीआरएफ, एंटी माइंस की एक-एक कंपनी, एटीएस की दो टीमें, बीडीडीएस की छह, एएस चेक की दस टीमें, आरएएफ की छह कंपनी, और यूपी 112 के 20 चार पहिया व 25 दो पहिया वाहनों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, एक एसपी, आठ एएसपी, 17 सीओ, 6169 दरोगा, सिपाही और 1,000 रिक्रूट आरक्षियों की भी तैनाती की गई है।
10:48 AM, 15-Jan-2026
बीते बुधवार को 75 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
संचार व्यवस्था के लिए वायरलेस सेट का प्रयोग अनिवार्य किया गया है। मकर संक्रांति से एक दिन पहले, बुधवार को भी 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान कर पुण्य लाभ कमाया। साधु-संतों, संन्यासियों और कल्पवासियों के इस विराट समागम को लेकर मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के अनुरूप घाटों और मार्गों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है।
10:47 AM, 15-Jan-2026
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
मेला क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई है। स्नान घाटों और मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है ताकि कोई भी व्यक्ति असुरक्षित स्थिति में न रहे और न ही किसी प्रकार की भगदड़ मचे।
10:44 AM, 15-Jan-2026
Prayagraj Magh Mela 2026 Live: मकर संक्रांति पर संगम में उमड़ी आस्था, 36 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बृहस्पतिवार को लाखों श्रद्धालु और कल्पवासी संगम तट पर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। मेला प्रशासन ने इस बार दो से ढाई करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान जताया है। इसके लिए 24 स्नान घाटों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए एक हाईटेक रिस्पांस प्लान लागू किया गया है, जिसमें आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम की स्थापना भी शामिल है। नदी की धारा में आए बदलावों को देखते हुए घाटों में आंशिक संशोधन भी किए गए हैं।