न्यूजीलैंड की पारी
मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में छह विकेट पर 208 रन बनाए थे। रचिन रवींद्र ने 26 गेंद में दो चौके और चार छक्के की मदद से 44 रन और मिचेल सैंटनर ने 27 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 47 रन की पारी खेली थी। टिम साइफर्ट ने 24 रन और जकारी फोक्स ने नाबाद 15 रन बनाए। डेवोन कॉनवे नौ गेंद में 19 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए। वहीं, हार्दिक पांड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला।
ईशान ने तोड़ा अभिषेक का रिकॉर्ड
जवाब में भारत ने शुरुआती सात गेंदों में ही दो विकेट गंवा दिए थे। संजू सैमसन छह रन और अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन की धमाकेदार पारी आई। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में जकारी फोक्स की जमकर धुनाई की। इस ओवर से 24 रन आए थे। ईशान ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक केवल 21 गेंद पर पूरा किया और ऐसा लग रहा था कि वह शतक भी बना देंगे। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। 21 गेंद पर अर्धशतक के साथ ही ईशान न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बन गए। उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह नागपुर में पहले टी20 में आठ रन ही बना सके थे।
सूर्यकुमार भी फॉर्म में लौटे
आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए ईशान का फॉर्म काफी मायने रखता है। ईशान के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव भी फॉर्म में लौटे। उन्होंने 37 गेंद में नौ चौके और चार छक्के की मदद से 82 रन की पारी खेली। शिवम दुबे 18 गेंद में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, जैकब डफी और ईश सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला।



