Padma Awards 2026:पुस्तकालय बनाने वाले बस कंडक्टर से जनजातीय कलाकार तक, गुमनाम नायकों को पद्मश्री – Ex-bus Conductor, Nonagenarian Musician Among Awarded Padma Shri In ‘unsung Heroes’ Category


गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभर से 45 लोगों को गुमनाम नायकों की श्रेणी में पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें दुनिया का सबसे बड़ा नि:शुल्क पुस्तकाल बनाने वाले एक पूर्व बस कंडक्टर से लेकर एशिया का पहला मानव दूध बैंक बैंक शुरू करने वाली एक बाल रोग विशेषज्ञ और 90 वर्षीय दुर्लभ वाद्य यंत्र कलाकार शामिल हैं। 

 

पूर्व बस कंडक्टर अंके गौड़ा ने दुनिया का सबसे बड़ा नि:शुल्क पुस्तकालय ‘पुस्तक माने’ बनाया है। इस पुस्तकालय में 20 भाषाओं की 20 लाख से अधिक किताबें और दुर्लभ पांडुलिपियां शामिल हैं। अंके गौड़ा (75 वर्षीय) कर्नाटक के मैसूर के पास हरलहल्ली गांव में रहते हैं। पुस्तक प्रेमी गौड़ा को देशभर के विद्यार्थियों और पाठकों को सशक्त बनाने के उनके अनूठे प्रयास के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा। 

ये भी पढ़ें: 30 वर्ष पुरानी भूली हुई शहादत को याद करने के लिए छुट्टी लेकर गांव पहुंचे सीआरपीएफ जवान, पढ़िये ये अनूठी कहानी

उनके साथ मुंबई की बाल रोग विशेषज्ञ अर्मिडा फर्नांडिस को भी पद्मश्री मिलेगा, जिन्होंने एशिया का पहला मानव दूध बैंक स्थापित किया और शिशुओं के जीवन को बचाने की दिशा में अहम योगदान दिया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के बुंदेली युद्ध कला प्रशिक्षक भगवानदास रैकवार, महाराष्ट्र के जनजातीय तरपा वादक भिकलिया लाडकिया धिंडा (90 वर्षीय) और जम्मू-कश्मीर के समाजसेवी बृज लाल भट्ट को भी इस सूची में शामिल किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि आम लोगों के असाधारण योगदान को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस साल के पद्म पुरस्कारों में देश के कोने-कोने से ऐसे गुमनाम नायकों को चुना गया है, जिन्होंने चुपचाप समाज और देश की सेवा की है। इन पुरस्कारों में सीमा क्षेत्रों में स्वदेशी विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने, जनजातीय भाषाओं और पारंपरिक युद्ध कलाओं के प्रचार, विलुप्त होती कलाओं और बुनाई को बचाने, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें: वरिष्ठ पत्रकार मार्क टली का निधन, 90 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस

सूची में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में स्कूल बनाने वाली बुड़री थाती, ओडिशा के संथाली लेखक और संगीतकार चरण हेम्ब्रम, मुरादाबाद के बारीक पीतल नक्काशी विशेषज्ञ चिरंजी लाल यादव, गुजरात की पारंपरिक लोक कला ‘मानभट्ट’ के कलाकार धार्मिकलाल चुनिलाल पांड्या और हैदराबाद के आनुवंशिकी वैज्ञानिक कुमारस्वामी थंगराज भी शामिल हैं, जिन्होंने अफ्रीका से भारत तक मानव प्रवास का पता लगाया।

(अधिक जानकारी अपडेट की जा रही है।)



Source link