सैमसन ने लगातार तीसरे मुकाबले में किया निराश
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत झटके के साथ हुई। लगातार तीसरे मुकाबले में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह पहली ही गेंद पर मैट हेनरी का शिकार बन गए और खाता भी नहीं खोल सके। सैमसन इस सीरीज में अब तक सिर्फ 16 रन बना पाए हैं। टी20 विश्व कप से पहले उनका खराब प्रदर्शन भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब बन सकता है।
ईशान किशन ने मचाई धूम
सैमसन के पवेलियन लौटने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए ईशान किशन ने ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी निभाई। इस दौरान किशन ने 215.38 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 28 रन ठोके। उनके बल्ले से तीन चौके और दो गगनचुंबी छक्के निकले।
भारतीय टीम ने बनाया पावरप्ले का अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
दिलचस्प बात यह है कि भारत ने महज 3.1 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले टीम ने 2023 में बांग्लादेश के खिलाफ 3.4 ओवर में 50 रन बनाए थे। किशन के पवेलियन लौटने के बाद आए कप्तान सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड की बखिया उधेड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने अभिषेक के साथ कीवी गेंदबाजों को जमकर धोया। इस दौरान भारत ने पावरप्ले का अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। शुरुआती छह ओवरों में भारत ने इस मैच में दो विकेट पर 94 का स्कोर बनाया। इससे पहले टीम इंडिया ने वानखेड़े में इंग्लैंड के खिलाफ पावरप्ले में 95/1 रन बनाए थे।
अभिषेक सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय
न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा का बल्ला एक बार फिर गरजा और उन्होंने महज 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। वह भारत के लिए युवराज सिंह (12 गेंद) के बाद इस प्रारूप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बन गए। वहीं, किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में वह संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए। उन्होंने कॉलिन मुनरो की बराबरी कर ली, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2016 में महज 14 गेंदों में ही अर्धशतक जड़ा था।



