India-france Ties:तीन दिन के भारत दौरे पर आज रात मुंबई पहुंचेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति, जानें पूरा कार्यक्रम – French President To Arrive In Mumbai Tonight On Three-day India Visit, Know Full Schedule


फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 16 फरवरी को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंच रहे हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मैक्रों 16 से 19 फरवरी तक मुंबई और नई दिल्ली में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह उनका प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत का चौथा दौरा होगा, जो भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की गहराई और निरंतरता को दर्शाता है।

मुंबई में उच्चस्तरीय कार्यक्रम और द्विपक्षीय बैठक

राष्ट्रपति मैक्रों सोमवार देर रात मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचेंगे। 17 फरवरी को वे प्रधानमंत्री मोदी से मुंबई के लोक भवन में मुलाकात करेंगे। इसके बाद राजभवन के दरबार हॉल में दोनों नेता समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान करेंगे और संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करेंगे।

इसी दिन ताज महल पैलेस होटल में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम आयोजित होगा, जबकि शाम को गेटवे ऑफ इंडिया पर ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन एंड कल्चरल कमेमोरेशन 2026’ का संयुक्त उद्घाटन किया जाएगा।

एआई इम्पैक्ट समिट में वैश्विक फोकस

18 फरवरी को मैक्रों नई दिल्ली पहुंचेंगे और भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 में हिस्सा लेंगे। 19 फरवरी को वे उद्घाटन समारोह, कंट्री पवेलियंस का दौरा, लीडर्स प्लेनरी और वर्किंग लंच में भाग लेंगे। यह समिट कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती प्रौद्योगिकियों और वैश्विक नीति सहयोग पर केंद्रित है, जिसमें दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्ष, नीति-निर्माता और टेक लीडर्स शामिल होंगे।

‘होराइजन 2047 रोडमैप’ और इंडो-पैसिफिक पर चर्चा

विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस दौरे के दौरान दोनों नेता ‘होराइजन 2047 रोडमैप’ के तहत रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार, अनुसंधान, ऊर्जा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। साथ ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग और वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।

रणनीतिक और रक्षा सहयोग के लिहाज से अहम दौरा

यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत अपने रक्षा और तकनीकी साझेदारों को विविध बनाने की दिशा में काम कर रहा है। हाल ही में भारत द्वारा बड़े रक्षा सौदों की मंजूरी, जिनमें फ्रांसीसी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों की खरीद की खबरें भी शामिल हैं, इस साझेदारी के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करती हैं।


प्रधानमंत्री मोदी का फरवरी 2025 का फ्रांस दौरा, 2023 में बैस्टिल डे पर मुख्य अतिथि के रूप में उनकी उपस्थिति और 2024 के गणतंत्र दिवस पर मैक्रों की बतौर मुख्य अतिथि भागीदारी इन सभी घटनाओं ने दोनों देशों के बीच भरोसे और सहयोग को नई गति दी है।

2026: भारत-फ्रांस ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’

साल 2026 को दोनों देशों ने ‘ईयर ऑफ इनोवेशन के रूप में मनाने का फैसला किया है, जिसका उद्देश्य स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी, रिसर्च, AI और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में साझेदारी को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति मैक्रों की यह यात्रा इसी पहल की औपचारिक शुरुआत के साथ भारत-फ्रांस संबंधों को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





Source link