कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के बर्डोद कस्बे के निकट अरावली पर्वतमाला की पहाड़ियों में सोमवार शाम अज्ञात कारणों से आग लगने की घटना सामने आई। तेज हवा के झोंकों ने आग को तेजी से फैलने में मदद की, जिससे पहाड़ी क्षेत्र में उगी झाड़ियां, छोटे पौधे और प्राकृतिक वनस्पति देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई। कुछ ही घंटों में आग ने बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले लिया और हरियाली जलकर राख में बदल गई।
सूचना मिलते ही पहुंचा प्रशासन
स्थानीय लोगों ने पहाड़ियों से उठते धुएं और लपटों को देखा तो तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, पहाड़ की ऊंचाई और दुर्गम रास्तों के कारण शिखर तक पानी पहुंचाना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। आग पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में अधिक फैल गई, जहां तक दमकल वाहनों की सीधी पहुंच संभव नहीं हो सकी।
बचाव कार्य में चुनौतियां
दमकल कर्मियों ने नीचे के हिस्सों से पाइप लाइन के माध्यम से पानी पहुंचाने का प्रयास किया। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी टहनियों और मिट्टी की सहायता से आग पर काबू पाने की कोशिश की। कई घंटों की मशक्कत के बाद निचले क्षेत्र में आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया, लेकिन ऊपरी हिस्से में धधकती आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन और दमकल दल संयुक्त रूप से आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। दुर्गम भू-भाग के कारण राहत कार्य में समय लग रहा है।
पढ़ें- Rajasthan News: भिवाड़ी में केमिकल फैक्टरी में भयंकर आग, आठ मजदूर जिंदा जले; फैक्टरी में मची चीख-पुकार