रोहतास जिले के बिक्रमगंज प्रखंड के अलग-अलग गांव के कुल पांच लोगों की एक के बाद एक संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मचा है। आरोप है कि यह लोग अंतर्गत मठिया गांव में बीते 14 फरवरी की रात एक तिलक समारोह से लौटे थे। इसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ गई और एक-एक कर सबने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कुछ लोग जहरीली शराब से मौत की बात कह रहे हैं तो कुछ लोग अन्य कारण बता रहे हैं। मरने वाले सभी लोगों का दाह संस्कार कर दिया गया है। घटना के बाद लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और रोहतास पुलिस प्रशासन भी फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है। मृतकों में मठिया गांव निवासी लल्लू सिंह, नासरीगंज थाना क्षेत्र के बड़की सबदला गांव निवासी विश्वनाथ सिंह के 32 वर्षीय पुत्र अभिजीत सिंह, भोजपुर जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत गरहाथा गांव निवासी स्व लालबिहारी सिंह के 34 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार तथा अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के दो बावर्ची शामिल हैं।
तिलक समारोह से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 14 फरवरी की रात बिक्रमगंज के मठिया गांव में पूजन सिंह के एक पुत्र का तिलक समारोह था। जहां अगले दिन तिलक कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोग वापस अपने घर लौट गए। इसके बाद 16 फरवरी को मठिया गांव निवासी पूजन सिंह के दूसरे पुत्र लल्लू सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसी बीच यह भी जानकारी मिली कि मृतक लल्लू सिंह के रिश्तेदार अभिजीत सिंह, गरहथा निवासी राहुल कुमार एवं दो बावर्चियों की भी मौत हो गई है।
जहरीला पेय पदार्थ पीने की चर्चा
तिलक समारोह में शामिल हुए सभी पांच लोगों की एक के बाद एक मौत से तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों में चर्चा है कि तिलक समारोह के दौरान सभी लोगों ने जहरीले पेय पदार्थ का सेवन किया था, जिसके कारण इनकी मौत हुई है। हालांकि इस मामले में मृतकों के परिजनों ने भी इन सभी बातों से इनकार किया है तथा कोई किडनी फेल्योर तो कोई कुत्ते काटने की बातें कह रहा है।
Bihar Vidhan Sabha Live: विधानसभा में ‘बेचारा’ विवाद पर फिर हंगामा, चिराग के विधायक बोले- राजद वाले बेशर्म हैं
जांच के लिए पहुंची उत्पाद विभाग की टीम
पांच लोगों की संदिग्ध मौत की खबर फैलते ही रोहतास पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गई। उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त तारिक महमूद के नेतृत्व में एक टीम बारी-बारी से सभी गांव में जांच के लिए पहुंची। जहां परिजनों द्वारा मौत को लेकर अलग-अलग वजहें बताई गईं। मामले में उत्पाद आयुक्त तारिक महमूद ने कहा कि मृतक लल्लू सिंह के परिजनों द्वारा कुत्ते के काटने की बात बताई गई है, लेकिन फिर भी उत्पाद विभाग एवं स्थानीय प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने जांच की बात कही है। उन्होंने बताया कि जांच टीम के विस्तृत प्रतिवेदन आने के बाद ही मामले में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है।
कांग्रेस विधायक ने विधानसभा परिसर में क्या कहा था?
कांग्रेस के विधायक अभिषेक रंजन ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस शराब की ब्रिकी पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। खुलेआम शराब बेची जा रही है। उन्होंने तो इतना तक कह दिया कि अगर पुलिस वालों की जांच हो तो पता चल जाएगा कि किसने शराब पी और किसने नहीं।