Afg Vs Uae Highlights:अफगानिस्तान ने विश्व कप में खोला जीत का खाता, सुपर आठ की उम्मीदें जीवंत; यूएई को हराया – Afg Vs Uae Highlights: Icc T20 World Cup Afghanistan Vs Uae Today Match Scorecard And Result


सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान और अजमातुल्लाह ओमरजई की शानदार बल्लेबाजी से अफगानिस्तान ने यूएई को पांच विकेट से हराया। अफगानिस्तान ने इस तरह टी20 विश्व कप में जीत का खाता खोला और सुपर आठ चरण के लिए अपनी उम्मीदें जीवंत रखी है। यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सोहेब खान के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में नौ विकेट पर 160 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर मैच जीता। 

अंक तालिका का हाल

अफगानिस्तान और यूएई के बीच मैच के बाद ग्रुप डी की अंक तालिका का हाल बदल गया है। अफगानिस्तान की टीम तीन मैचों में दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि यूएई की टीम भी इतने मैचों में समान अंक लेकर चौथे स्थान पर खिसक गई है। अफगानिस्तान का सामना अब कनाडा से होना है और अगर उसे सुपर आठ में पहुंचने की उम्मीद बरकरार रखनी है तो ये मैच हर हाल में जीतना होगा। इतना ही नहीं न्यूजीलैंड का सामना भी कनाडा से ही होना है। अगर न्यूजीलैंड ये मैच जीत गई तो दक्षिण अफ्रीका के साथ अगले दौर में पहुंच जाएगी, जबकि अफगानिस्तान का सफर समाप्त हो जाएगा। 

जादरान के बाद चमके ओमरजई

लक्ष्य का पीछा करने उतरे अफगानिस्तान ने मैच की दूसरी ही गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने जुनैद की गेंद पर शोएब को कैच थमाया। जादरान ने चौथे ओवर में हैदर अली को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 18 रन जुटाए। गुलबदिन नईब (13) ने भी मोहम्मद जवादुल्लाह पर छक्का और चौका मारा लेकिन अगले ओवर में मोहम्मद अरफान की गेंद को प्वाइंट पर हर्षिक कौशिक को कैच दे बैठे।

अफगानिस्तान ने पावरप्ले में दो विकेट पर 41 रन बनाए। सेदिकुल्लाह अटल (16) ने अरफान पर चौके के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया और फिर अगले ओवर में सिमरनजीत सिंह पर छक्का जड़ा लेकिन जवादुल्लाह ने यॉर्कर पर उनके विकेट उखाड़ दिए। जादरान ने सिमरनजीत पर चौके और फिर दो रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके बाद अरफान की गेंद पर यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम को कैच दे बैठे। जादरान 41 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। 

ओमरजई ने अंत तक संभाले रखा मोर्चा

अफगानिस्तान के रनों का सैकड़ा 14वें ओवर में पूरा हुआ। अफगानिस्तान को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 52 रन की दरकार थी। अजमातुल्लाह ने सिमरनजीत जबकि दारविश ने अरफान पर छक्के के साथ रन और गेंद के बीच के अंतर को कम किया। अजमातुल्लाह ने अगले अगले ओवर में जुनैद पर भी छक्का मारा लेकिन दारविश बोल्ड हो गए। उन्होंने 23 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का मारा। अफगानिस्तान को अंतिम दो ओवर में 17 रन की जरूरत थी और अजमातु्ल्लाह ने जवादुल्लाह पर छक्के और चौके के साथ उसकी जीत तय की।

राशिद ने पूरे किए 700 टी20 विकेट

इससे पहले अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। यूएई के लिए सोहेब खान ने 48 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन बनाए जिससे यूएई अफगानिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। यूएई के लिए सोहेब के अलावा अलीशान शराफु ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से ओमरजई ने चार विकेट झटके, जबकि मुजीब उर रहमान को एक और राशिद खान को एक विकेट मिला। राशिद ने इसके साथ ही टी20 में 700 विकेट पूरे किए।



Source link