Delhi:पांच दिन की रिमांड में यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता, एआई इंपैक्ट समिट के कार्यक्रम में किया था प्रदर्शन – Four Iyc Activists In Five Day Remand For Protesting At Ai Impact Summit In Delhi


पटियाला हाउस कोर्ट ने इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इन सभी को एक दिन पहले एआई इंपैक्ट समिट के कार्यक्रम स्थल पर विरोध प्रदर्शन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि ने दिल्ली पुलिस की उस अर्जी को मंजूर कर लिया, जिसमें आरोपियों से पांच दिन की हिरासत में पूछताछ की मांग की गई थी।

गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार से यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार के आईवाईसी प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के आईवाईसी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नरसिम्हा यादव शामिल हैं। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर देश विरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। 

पुलिस ने अदालत में कहा कि आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त करने और उनसे पूछताछ करने की जरूरत है। प्रदर्शनकारी अलग-अलग राज्यों से हैं, इसलिए हिरासत में लेकर पूछताछ जरूरी है। पुलिस के अनुसार, विरोध के दौरान रोकने की कोशिश में तीन लोग घायल भी हुए। पुलिस ने यह भी कहा कि प्रदर्शन के पीछे किसी साजिश की जांच, फंडिंग के स्रोत और टी-शर्ट कहां छपी थीं, इसका पता लगाना जरूरी है। उधर, प्रदर्शनकारियों की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। वकील ने कहा कि केवल विरोध करने पर गिरफ्तारी लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।



Source link