Delhi: For The First Time Since Independence, Kartavya Path Was Illuminated With 1.20 Lakh Lamps – Amar Ujala Hindi News Live


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को देश की राजधानी में नया इतिहास लिखा गया। भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या की तरह दिल्ली में पहली बार कर्तव्य पथ पर दीपोत्सव का विहंगम दृश्य देखने को मिला। करीब 1.20 लाख दीये एक साथ जगमगाए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये केवल दीपों का उत्सव भर नहीं बल्कि नई क्रांति की आहट है। दिल्ली ने नया इतिहास लिखा है जहां आस्था और आधुनिकता का संगम अद्भुत रूप में सामने आया है। राजधानी ने यह दिखा दिया कि दिल्ली अब केवल शासन की राजधानी नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना की धड़कन भी है। श्रीराम के जीवन चरित का ड्रोन प्रदर्शन और दीपों का संगम इस बात का प्रतीक है कि राजधानी अब सनातन परंपरा व देश की सांस्कृतिक समझ के साथ आगे बढ़ रही है। आजादी के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब कर्तव्य पथ पर सामूहिक रूप से दीपावली का आयोजन किया जा रहा है।

दीपावली उत्सव देखने उमड़ी भीड़

मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी व सैकड़ों लोग भी मौजूद रहे। कर्तव्य पथ पर आयोजित इस दीपोत्सव में भव्य ड्रोन शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रामायण थीम आधारित लाइट कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को अभिभूत किया।

श्रीराम की भक्ति से प्रेरित दिखीं मुख्यमंत्री

सीएम ने कहा कि वर्षों बाद दिल्ली का दिल इस तरह दीपों से जगमगा उठा है। यह केवल रोशनी का उत्सव नहीं बल्कि दिल्ली की नई ऊर्जा, नई उम्मीद व दिशा का प्रतीक है। इस बार की दिवाली सही मायने में दिल्ली के हर वर्ग तक पहुंची है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से आज दिल्ली का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। इस दीपावली पर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान है।

महिलाओं के घर में बचत है। युवाओं के पास नए अवसर हैं। बुजुर्गों को स्वास्थ्य का भरोसा है और हर नागरिक को अपने शहर पर गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये उनका संकल्प है कि श्रीराम की कृपा से दिल्ली में रामराज्य की स्थापना हो जहां हर नागरिक को समान अवसर, सुरक्षा और सम्मान मिले। दिल्ली की सरकार जनता की सरकार है और हम जनता के सेवक हैं।

ड्रोन शो से पेश किया भगवान श्रीराम के जीवन

दीपोत्सव में पहली बार ड्रोन शो के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन को आकाश में प्रदर्शित किया गया। सैकड़ों ड्रोन ने रामायण की पवित्र गाथा को आधुनिक तकनीक के जरिये जीवंत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम के जीवन आदर्शों का यह दृश्य न केवल श्रद्धालुओं को भावविभोर कर गया बल्कि यह भी संदेश दिया कि भारत की परंपराएं समय के साथ आधुनिकता के संग समरसता से आगे बढ़ सकती हैं।



Source link

Leave a Comment