06:11 AM, 15-Jan-2026
बीएमसी चुनाव के लिए ठाकरे भाईयों ने मिलाए हाथ, कांग्रेस अकेले सियासी मैदान में
चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मोड़ में दो दशकों बाद बिछड़े हुए चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे मराठी वोटों को एकजुट करने के प्रयास में फिर से एक साथ आए है। कांग्रेस अपने महा विकास अघाड़ी के सहयोगी दलों – शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) की छाया से बाहर निकलकर मुंबई में अकेले दम पर सियासी मैदान में उतरी है। कांग्रेस ने मुंबई में प्रकाश आंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) और राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ गठबंधन किया है।
06:08 AM, 15-Jan-2026
अविभाजित शिवसेना का बीएमसी में 25 वर्ष कायम रहा वर्चस्व
2022 में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में कई विधायकों के बगावत से शिवसेना में हुए विभाजन के बाद ये पहले बीएमसी चुनाव हैं। अविभाजित शिवसेना ने भारत के सबसे धनी नगर निकाय पर 25 वर्षों (1997-2022) तक अपना वर्चस्व बनाए रखा था।
06:05 AM, 15-Jan-2026
ठाकरे भाईयों को मिलेगी बड़ी हार :देवेंद्र फडणवीस
भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के लिए अभियान का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भविष्यवाणी की है कि एमएनएस नेता राज ठाकरे अपने चचेरे भाई और शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव के साथ गठबंधन में सबसे बड़े हारने वाले के तौर पर उभरेंगे।
05:59 AM, 15-Jan-2026
बीएमसी चुनाव के लिए मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव से पहले गुरुवार को मुंबई पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। बीएमसी चुनाव के लिए सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। पुलिसकर्मियों ने चुनाव के मद्देनजर जगह-जगह बैरिकेड लगाए हैं और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की।
04:18 AM, 15-Jan-2026
Maharashtra Civic Polls Voting Live Updates: महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान आज, BMC पर सबकी निगाहें
महाराष्ट्र में गुरुवार यानी आज 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान होना है। बृहन्मुंबई नगर निगम सहित 29 नगरपालिकाओं के के चुनाव के लिए गुरुवार (15 जनवरी) को सुबह 7.30 बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव एक ही चरण में होंगे। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति और उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के शरद पवार के साथ गठबंधन से होना है। 893 वार्डों की 2,869 सीटों के लिए 3.48 करोड़ मतदाता 15,931 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चार साल की देरी के बाद हो रहे बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के चुनावों में 227 सीटों के लिए 1,700 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बीएमसी का वार्षिक बजट 74,400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों के लिए 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर राज्य में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव के नतीजे मतदान के अगले ही दिन शुक्रवार (16 जनवरी) को आएंगे। महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव से जुड़े सभी अपडेट पढ़ने के लिए इस पेज पर बने रहें…