मशहूर बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। अब इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच के हाथ एक और नई जानकारी लगी है। इसके मुताबिक, शुभम लोनकर और आरोपी विष्णु कुशवाहा ने मिलकर बाकी शूटरों को रिक्रूट किया और उनका ब्रेनवॉश किया।
रुपयों का लालच देकर किया गया ब्रेनवॉश
मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि उत्तर प्रदेश से पकड़े गए आरोपी विष्णु कुशवाह ने ही सारे आरोपियों को रिक्रूट किया था और मोटे पैसों का लालच दिया था। क्राइम ब्रांच को मिली जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने आरोपी विष्णु कुशवाहा के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
यही नहीं, विष्णु ने शूटर दीपक शर्मा, सनी कुमार और सोनू कुमार समेत बाकी आरोपियों को रिक्रूट किया और उनका ब्रेनवाश भी किया। सामने आई जानकारी के मुताबिक विष्णु ने आरोपियों को हिंदुत्व और धर्म की बड़ी-बड़ी बातें और लाखों रुपयों का लालच दिया था।
क्राइम ब्रांच को यह शक है कि फायरिंग के पहले शूटर दीपक शर्मा को पिस्टल चलाने की ट्रेनिंग दी गई थी। हालांकि, यह ट्रेनिंग उसे कहां और किस जगह पर दी गई थी, इस संबंध में क्राइम ब्रांच और यूपी एसटीएफ की टीमें लगातार जांच कर रही हैं और सबूत जुटाने की कोशिश कर रही हैं।
बेरोजगार युवाओं को गैंग के लिए टारगेट बनाता है विश्नोई
- जांच में सामने आया है कि शुभम लोनकर ने पैसे विष्णु को भेजे।
- बाद में विष्णु ने आरोपियों को रिक्रूट किया और उन्हें काम खत्म होने के बाद मोटी रकम देने का वादा किया।
- जांच में पता चला कि विष्णु कुशवाहा पिछले कुछ साल से बिश्नोई गैंग के लिए प्रदेश में काम कर रहा है।
- क्राइम ब्रांच की जानकारी के मुताबिक घटना को अंजाम देने के लिए बिश्नोई गैंग के लोग बेरोजगार युवाओं को टारगेट करते और मोटा पैसा देने का लालच देकर अपना काम करवाते हैं।
- इस मामले में भी विष्णु ने यूपी और हरियाणा से 6 आरोपियों को चुना।
- ये पहले ही बिश्नोई गैंग से प्रभावित थे और सोशल मीडिया पर कट्टों और बंदूकों के साथ रील पोस्ट करते थे।